गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर क्षेत्र में कार और बाइक की मामूली टक्कर के बाद हुए झगड़े में एक युवक की जान चली गई। कार सवार युवकों ने बाइक सवार जैद की पिटाई कर दी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए जैद की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, मुस्तफाबाद लोनी निवासी जैद अपनी बाइक से जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक की एक कार से हल्की टक्कर हो गई। इसके बाद जैद और कार सवार युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कार सवार युवकों ने जैद को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने लात-घूंसों और डंडों से उसे बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर जैद को हमलावरों से बचाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात कार सवार युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।