शामली। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित जियो पेट्रोल पंप पर हुई डकैती की वारदात का शामली पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। थाना थानाभवन पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन तथा लूटी गई 67 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरोह उत्तर प्रदेश और हरियाणा के विभिन्न जिलों में हाईवे किनारे स्थित पेट्रोल पंपों को निशाना बनाता था।पुलिस के मुताबिक, तीन और चार जुलाई की मध्यरात्रि बदमाश स्कॉर्पियो से दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित जियो पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। हथियारों के बल पर उन्होंने कर्मचारियों को बंधक बना लिया और कैश लॉकर खोलने का प्रयास किया। लॉकर नहीं खुलने पर आरोपी उसे ही उठाकर अपने साथ ले गए। घटना के बाद पेट्रोल पंप प्रबंधक की तहरीर पर थाना थानाभवन में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीमों ने जांच के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान साबिर उर्फ बाबा, अमन, मोहसिन, जसवीर तथा काला उर्फ शाहनवाज के रूप में हुई है। सभी आरोपी हरियाणा के सोनीपत और पानीपत क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, दो तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो तथा 67 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से किराये पर वाहन लेकर उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाते थे। वारदात से पहले गिरोह के सदस्य पेट्रोल पंपों की रेकी करते और रात के समय कर्मचारियों को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर नकदी लूट लेते थे।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में गिरोह द्वारा शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, सोनीपत और पानीपत जनपदों में पेट्रोल पंपों पर डकैती की लगभग पांच घटनाओं में शामिल होने की जानकारी मिली है। पुलिस इन मामलों के आपसी संबंधों की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group