मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव पलड़ी में देर रात होटल बंद कर घर लौट रहे दो युवकों पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने गांव के पांच नामजद युवकों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी शिकायत में गांव पलड़ी निवासी सुऐब उर्फ कासिफ पुत्र राशिद ने बताया कि वह अपने साथी आस मोहम्मद पुत्र ताहिर के साथ रात करीब 11 बजे होटल बंद कर घर लौट रहा था। दोनों जैसे ही पलड़ी नहर पुल के निकट पहुंचे, वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।शिकायत के अनुसार, आमिर, आबिद, समीर, आदिल और जीशान ने दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में दोनों को चोटें आईं। पीड़ितों के शोर मचाने पर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर आने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। आरोप है कि जाते समय उन्होंने दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी।घटना के बाद घायल युवक थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।शाहपुर थाना पुलिस के अनुसार, मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।