मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा को देखते हुए आबकारी विभाग ने जिले में मदिरा दुकानों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अपर मुख्य सचिव एवं आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आबकारी निरीक्षकों ने विभिन्न दुकानों की जांच कर निर्धारित मूल्य पर मदिरा की बिक्री, स्टॉक की स्थिति और व्यवस्थाओं का सत्यापन किया। साथ ही दुकानदारों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।आबकारी विभाग की टीम ने जिले की विभिन्न देशी, विदेशी तथा बीयर की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बिक्री व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी लाइसेंसधारकों को प्रत्येक बिक्री को शत-प्रतिशत पीओएस मशीन के माध्यम से दर्ज करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान दुकानों में उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया गया, ताकि अभिलेखों और वास्तविक स्टॉक का मिलान सुनिश्चित किया जा सके।विभागीय अधिकारियों ने यह भी जांच की कि दुकानों पर मदिरा शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही बेची जा रही है या नहीं। इसके लिए कई स्थानों पर आकस्मिक परीक्षण खरीद कराई गई। निरीक्षण में मूल्य सूची, बिक्री व्यवस्था और अन्य आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की गई।कांवड़ यात्रा के मद्देनजर विशेष रूप से कांवड़ मार्ग पर स्थित मदिरा दुकानों के संचालकों और विक्रेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्हें ग्राहकों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने, दुकानों के आसपास स्वच्छता सुनिश्चित करने, अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने तथा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर मदिरा की बिक्री न करने के लिए सख्त हिदायत दी गई।आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली या अन्य अनियमितता दिखाई दे तो उसकी शिकायत संबंधित माध्यमों से तत्काल दर्ज कराएं।