बिजनौर। नजीबाबाद क्षेत्र के खुशहालपुर मटका गांव में गुलदार के हमले से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। गुलदार बच्चे को उठाकर जंगल की ओर ले गया। काफी तलाश के बाद जंगल में उसके शव के अवशेष मिले। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग ने गुलदार की तलाश तेज कर दी है और उसकी निगरानी के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है।खुशहालपुर मटका गांव निवासी भूदेव सिंह कश्यप का सात वर्षीय पुत्र नक्श शुक्रवार शाम अपने बड़े भाई चंद्रशेखर के साथ गांव में ही रहने वाले अपने फूफा के घर जा रहा था। रास्ते में चंद्रशेखर कुछ आगे निकल गया, जबकि नक्श पीछे रह गया। रास्ते के आसपास घनी झाड़ियां होने के कारण कुछ देर बाद जब चंद्रशेखर ने पीछे मुड़कर देखा तो नक्श वहां नहीं था।छोटे भाई के गायब होने की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने आसपास के जंगल में तलाश अभियान चलाया।तलाशी के दौरान जंगल में बच्चे के शव के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि गुलदार बच्चे को उठाकर जंगल में ले गया और हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और गुलदार की तलाश शुरू की।जिला वन अधिकारी जय सिंह कुशवाहा के निर्देशन में वन विभाग की टीम आसपास के जंगल और झाड़ियों में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रख रही है। उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन से निगरानी की जा रही है। वन विभाग गुलदार को पकड़ने के लिए भी प्रयास कर रहा है।घटना के बाद खुशहालपुर मटका और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। वन विभाग की टीम ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल अथवा सुनसान रास्तों पर नहीं जाने की सलाह दे रही है।