मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश जाफर अली गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, भुम्मा चौकी क्षेत्र में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तुल्हैड़ी गांव की ओर से बाइक पर एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर नहर पटरी के कच्चे रास्ते की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसकी बाइक रास्ते में गिर गई। इसके बाद वह पैदल भागने लगा।पुलिस का कहना है कि घिरता देखकर आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली उसके बाएं पैर में लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया। उसकी पहचान जाफर अली पुत्र बहादुर अली, निवासी ग्राम असीफाबाद, थाना किला परीक्षितगढ़, जनपद मेरठ के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 32 वर्ष बताई गई है।तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए। मौके से बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी मिली। पुलिस के मुताबिक जाफर अली गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर और छत्तीसगढ़ में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। मेरठ के परीक्षितगढ़ थाने में लूट एवं बरामदगी तथा बहसूमा थाने में आयुध अधिनियम से संबंधित मामला दर्ज बताया गया है। गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक, वेव सिटी और अन्य थानों में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।मीरापुर थाने में भी आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 317(5) तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25/28 के तहत कार्रवाई की गई है।मुठभेड़ में मीरापुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा, उपनिरीक्षक ओमेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक योगेश तेवतिया, कांस्टेबल शिवम सिंह और कांस्टेबल कुलदीप सिंह शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group