मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के जड़ौदा अड्डे पर मनी ट्रांसफर और मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाने वाले दुकानदार को चाय-समोसे में नशीला पदार्थ देकर बेहोश करने और उसके बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।नया गांव जड़ौदा निवासी शिव प्रकाश पुत्र जोगराज जड़ौदा अड्डे पर दुकान चलाते हैं। शिकायत के अनुसार, दोपहर के समय निरमानी गांव निवासी वसीम पुत्र इस्माइल उनकी दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि वह अपने साथ चाय और समोसे लेकर आया था और शिव प्रकाश को भी खाने के लिए दिए। इन्हें खाने के कुछ समय बाद दुकानदार की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए।पीड़ित के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने दुकान में रखे कंप्यूटर का इस्तेमाल कर उसके बैंक खाते से दो बार में कुल 50 हजार रुपये अपने इंडियन पोस्ट बैंक खाते में ऑनलाइन स्थानांतरित कर लिए। आरोप है कि इसके बाद उसकी जेब से पर्स और 1,500 रुपये नकद भी निकाल लिए गए। पर्स में आधार कार्ड, ई-श्रम कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज बताए गए हैं। दुकानदार का काले रंग का सैमसंग की-पैड मोबाइल फोन भी गायब मिला।होश में आने के बाद शिव प्रकाश को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने मामले की शिकायत मंसूरपुर थाने में की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खाते में हुए लेनदेन, कंप्यूटर से किए गए ऑनलाइन हस्तांतरण और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। चाय और समोसे में किस पदार्थ का इस्तेमाल किया गया था, इसकी भी जांच की जा रही है। आरोपी पर लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि की जा रही है।