मेरठ। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में पुलिस थाने से चंद कदम की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने दो युवकों को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से 22 वर्षीय युवक नितिन नागर गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपितों की तलाश में तीन टीमें गठित की हैं।बहसूमा थाना क्षेत्र के माननगर निवासी नितिन नागर शुक्रवार शाम अपने दोस्त प्रिंस के साथ मध्य गंगनहर किनारे दौड़ लगाने गया था। बताया गया कि वापसी के दौरान प्रिंस बाइक चला रहा था और नितिन पीछे बैठा था। दोनों राजकीय बालिका इंटर कालेज के पास पहुंचे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार करीब छह युवकों ने उन्हें घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी।अचानक हुई फायरिंग से आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। गोली लगने से नितिन सड़क पर गिर पड़ा। उसके पैर की जांघ में दो गोलियां लगीं। प्रिंस ने घटना की सूचना पुलिस और नितिन के स्वजन को दी। पुलिस घायल नितिन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में स्वजन उसे मेरठ के गंगानगर स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नितिन के दोस्त प्रिंस का करीब दो दिन पहले कॉलोनी के ही मिट्ठू से रास्ते से निकलने को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी। मामला थाने तक पहुंचा था, जहां पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था। पुलिस अब इसी विवाद को घटना की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।नितिन की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया गया कि नितिन परिवार का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित स्वजन और ग्रामीणों ने शव को हस्तिनापुर-मवाना मुख्य मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। सड़क पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। क्षेत्रीय विधायक एवं राज्यमंत्री दिनेश खटीक भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।एसएसपी के निर्देश पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस कुछ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर हमले में शामिल सभी आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group