मुजफ्फरनगर। गणपति जन्मोत्सव को लेकर शहर में धार्मिक उल्लास का माहौल बनने लगा है। भरतिया कॉलोनी स्थित श्री गणपति खाटू श्याम मंदिर परिवार की ओर से 14 से 24 सितंबर तक गणपति महोत्सव मनाया जाएगा। 11 दिन चलने वाले इस आयोजन में पूजा-अर्चना के साथ कीर्तन, यज्ञ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य धार्मिक आयोजन होंगे।महोत्सव की शुरुआत 14 सितंबर को भव्य शोभायात्रा के साथ होगी। सुबह 10 बजे गणपति धाम मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें भगवान गणेश स्वर्ण रथ पर विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे। शोभायात्रा में खाटू श्याम जी का रथ और अलग-अलग विषयों पर तैयार की गई झांकियां भी शामिल रहेंगी।शोभायात्रा के दौरान बैंड और ढोल-ताशों के साथ भक्ति संगीत की गूंज सुनाई देगी। आयोजन को भव्य रूप देने के लिए विभिन्न स्थानों पर सजावट की जाएगी। यात्रा शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होकर गुजरेगी और बाद में मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न होगी।आयोजकों के अनुसार झांकियों में धार्मिक और आध्यात्मिक प्रसंगों के साथ देशभक्ति की झलक भी दिखाई जाएगी। भगवान महाकाल, हरसिद्धि माता और विराट स्वरूप से संबंधित झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी।शोभायात्रा के बाद 15 से 23 सितंबर तक मंदिर परिसर में अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इनमें राधा नाम कीर्तन, श्रीराम संकीर्तन, ताली कीर्तन, राधाष्टमी उत्सव और सुंदरकांड पाठ शामिल हैं। इसके अलावा देशभक्ति और भक्ति संगीत से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।महोत्सव के दौरान गणपति महाराज का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर में 56 भोग और रजत पालना भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। 23 सितंबर को महायज्ञ का आयोजन कर पूर्णाहुति दी जाएगी।महोत्सव के अंतिम दिन 24 सितंबर को भगवान गणपति की प्रतिमा को हरिद्वार ले जाया जाएगा। सर्वानन्द घाट पर विधि-विधान के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इस अवसर पर भंडारे का आयोजन भी होगा।आयोजन समिति ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से गणपति जन्मोत्सव के सभी कार्यक्रमों में सहभागिता करने और भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।