मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कस्बे में कांधला रोड स्थित शिव मूर्ति के पास घर के बाहर कथित तौर पर पथराव करने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर युवक के हाथ पर धातु के कड़े से वार कर उसे घायल कर दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कांधला रोड स्थित शिव मूर्ति के पास रहने वाले अनुज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 सितंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे मोहल्ले की दूसरी गली में रहने वाला सलमान उनके घर के बाहर पहुंचा। आरोप है कि उसने घर की ओर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पथराव होता देख अनुज बाहर निकले और उसे ऐसा करने से रोकने का प्रयास किया।तहरीर के मुताबिक इसी बात को लेकर आरोपी ने कथित तौर पर हाथ में पहना धातु का कड़ा उतार लिया और अनुज के हाथ पर वार कर दिया। हमले में उनके हाथ में चोट लग गई और खून निकलने लगा। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से चला गया।पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में आरोपी पर पहले भी मोहल्ले में विवाद करने और लोगों को परेशान करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत में चोरी की घटनाओं से संबंधित आरोप भी लगाए गए हैं, हालांकि इनकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। इसके अलावा कुछ दिन पहले मोहल्ले में घूमने वाले एक कुत्ते को लोहे की सरिया से घायल करने का आरोप भी लगाया गया है।घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से अपने और परिवार की सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।