ककरौली(आरिफ अंसारी)। बेहड़ा सादात गांव में बिजनौर मार्ग पर चौराहे से करीब 300 मीटर दूर स्थित बंद मकान के ताले तोड़कर चोरों ने आठ लाख रुपये की नकदी और करीब दो लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। घटना का पता रात करीब दो बजे उस वक्त चला, जब पीड़ित की पत्नी लघुशंका के लिए उठी और उसने मकान का दरवाजा खुला हुआ देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।गांव बेहड़ा सादात निवासी हाजी शरीफ ने बताया कि उसके मकान की छत कमजोर होने के कारण वह अपनी पत्नी रशीदन के साथ मकान के बराबर में पशुओं के लिए बनाए गए टिन शेड में सो रहे थे। रात करीब दो बजे रशीदन लघुशंका के लिए उठी तो मकान के कमरे का ताला टूटा हुआ दिखाई दिया। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखे दो छोटे संदूक गायब थे। पीड़ित के अनुसार, संदूकों में आठ लाख रुपये की नकदी और करीब दो लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चोरों ने संदूक घर के पास स्थित ईख के खेत में ले जाकर उनके ताले तोड़ दिए और नगदी व आभूषण निकालकर खाली संदूक वहीं फेंक दिए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ चोरों की तलाश में जुट गई है।क्षेत्राधिकारी राधा रमण सिंह ने बताया कि चोरी का मामला संज्ञान में आया है।जांच की जा रही है।शीघ्र घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group