मुजफ्फरनगर। जिले में बरसात के बाद मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है। एक से 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत लोगों को बीमारियों से बचाव के तरीके बताए जाएंगे। गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।सीएमओ ने बताया कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारियों से बचने के लिए घरों के आसपास सफाई रखना जरूरी है। कहीं भी पानी जमा न होने दें, क्योंकि रुके हुए पानी में मच्छर पनप सकते हैं। पीने के लिए साफ पानी का इस्तेमाल करें और बुखार आने पर लापरवाही न बरतें।अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करेंगी। मच्छरों के पनपने वाले स्थानों की पहचान कर उन्हें खत्म करने के साथ फॉगिंग और एंटी लार्वा दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा। बुखार से पीड़ित लोगों की जांच कराने और जरूरत पड़ने पर उपचार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा।जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि लोगों को मच्छरों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। घरों में रखे बर्तनों, कूलर और अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दें। आसपास सफाई रखें और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि संचारी रोगों पर रोक लगाने के लिए केवल विभागीय प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। अभियान के शुभारंभ पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, डॉ. शमशेर आलम, एहतिशाम खान, भारती रावत और शोभित सक्सैना सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group