बुढ़ाना। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र स्थित कंपोजिट स्कूल डूंगर में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और विद्यालय के शिक्षकों ने बुजुर्गों का सम्मान करने तथा उनके प्रति संवेदनशील रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही बड़े-बुजुर्गों के प्रति आदर, सेवा और अपनत्व की भावना विकसित करना रहा।खंड शिक्षा अधिकारी किरण यादव के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक चौधरी जमील अहमद ने किया। इस दौरान विद्यालय के समस्त स्टाफ और उपस्थित विद्यार्थियों ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान की प्रतिज्ञा ली।कार्यक्रम में संगीत के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि घर में बड़े-बुजुर्गों की भावनाओं का ध्यान रखना चाहिए। यदि किसी बात से वे नाराज हो जाएं तो उनसे प्रेमपूर्वक बात करके उन्हें मनाने का प्रयास करना चाहिए। विद्यार्थियों को बुजुर्गों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और उनकी जरूरतों को समझने के लिए प्रेरित किया गया।प्रभारी प्रधानाध्यापक चौधरी जमील अहमद ने कहा कि विद्यालयों में अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाने का उद्देश्य विद्यार्थियों में कम उम्र से ही बुजुर्गों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और संवेदनशीलता के भाव विकसित करना है। बुजुर्गों के पास जीवन का लंबा अनुभव और ज्ञान होता है, जो परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उनके योगदान को सम्मान देना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और उनकी गरिमा के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। परिवार में बुजुर्गों को सम्मान और अपनापन मिलने से नई पीढ़ी में अच्छे संस्कार विकसित होते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों को अपने सामाजिक और पारिवारिक दायित्वों का बोध कराने में सहायक होते हैं।