मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को पुरकाजी क्षेत्र में निजी अस्पतालों और क्लीनिकों का निरीक्षण कर दस्तावेजों की पड़ताल की। जांच के दौरान पंजीकरण, चिकित्सकों से जुड़े अभिलेख और अन्य जरूरी कागजात देखे गए। दस्तावेजों में कमियां मिलने पर संबंधित संचालकों को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महक सिंह और डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम पुरकाजी पहुंची। यहां वाहेगुरु क्लीनिक, लिमरा हॉस्पिटल, डॉ. मनोज कुमार के क्लीनिक, श्री साईं क्लीनिक और सिटी क्लीनिक का निरीक्षण किया गया।टीम ने चिकित्सा केंद्रों में उपलब्ध दस्तावेजों की जांच करने के साथ ही पंजीकरण और चिकित्सकों से संबंधित अभिलेखों का सत्यापन किया। इसके अलावा संचालकों से संस्थानों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली गई।निरीक्षण के दौरान जिन चिकित्सा केंद्रों के अभिलेखों में कमियां पाई गईं, उनके संचालकों को जरूरी दस्तावेज पूरे करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में अपना स्पष्टीकरण और संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया।स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संचालकों से प्राप्त जवाब और दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस निरीक्षण का उद्देश्य निजी चिकित्सा संस्थानों के दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की जांच करना है