मुजफ्फरनगर। अनुसूचित जाति के युवाओं को स्वरोजगार के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र की ओर से चार माह का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।विभाग के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम में एक माह तक सैद्धांतिक जानकारी दी जाएगी, जबकि अगले तीन माह में संबंधित कार्य का व्यवहारिक प्रशिक्षण कराया जाएगा। योजना के तहत अभ्यर्थियों को ऐसे ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार शुरू कर सकें।गैर तकनीकी ट्रेड में प्रशिक्षण लेने के लिए अभ्यर्थी का पढ़ना-लिखना जानना जरूरी है। वहीं तकनीकी ट्रेड के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता आठवीं पास निर्धारित की गई है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। टेलरिंग समेत विभिन्न ट्रेड में प्रशिक्षण के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन आवेदन के आधार पर किया जाएगा।इच्छुक अभ्यर्थी 15 अक्टूबर तक विभाग की वेबसाइट www.msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, औद्योगिक आस्थान, मेरठ रोड, मुजफ्फरनगर में किसी भी कार्यदिवस में संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group