मुजफ्फरनगर। सिसौड़ा थाना क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में स्थित कीर्ति क्राफ्ट पेपर मिल में मंगलवार तड़के काम के दौरान एक युवक पेपर कटिंग मशीन की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।बताया गया कि गुल सनवर करीब डेढ़ माह पहले अपने पिता के साथ पेपर मिल में काम करने आया था। वह सात बहनों का इकलौता भाई था। परिजनों के अनुसार, वह दिन की ड्यूटी पूरी करने के बाद भी फैक्ट्री में अतिरिक्त काम करता था। सोमवार रात भी वह ड्यूटी पर था। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे पेपर कटिंग मशीन में काम करते समय वह मशीन की बेल्ट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण फैक्ट्री परिसर में पहुंच गए। परिजनों और ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। सूचना मिलने पर सिसौड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में परिजनों की ओर से तहरीर मिलने का इंतजार है। तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उधर, युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group