मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर हुई पहचान और फिर प्रेम संबंध का मामला सोमवार को उस समय चर्चा में आ गया, जब हरियाणा निवासी दो बच्चों की मां बुढ़ाना के पीठ बाजार में रहने वाले युवक के घर पहुंच गई। महिला ने युवक को अपना पति बताते हुए उसके साथ रहने की बात कही। इसी बीच युवक घर से चला गया, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया।महिला के मुताबिक, उसकी पहचान कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से शुभम नाम के युवक से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। महिला का दावा है कि बाद में दोनों ने वृंदावन में विवाह कर लिया और करीब आठ महीने तक साथ भी रहे। हालांकि विवाह संबंधी इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।सोमवार को महिला युवक के घर पहुंची और उसके साथ रहने की बात कही। आरोप है कि इस दौरान युवक के परिजनों से उसका विवाद हो गया और उसके साथ मारपीट की गई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को थाने ले गई।इधर, महिला के घर पहुंचने के बाद शुभम वहां से चला गया। बताया जा रहा है कि घर पर एक पत्र भी मिला है, जिसमें युवक की ओर से अपनी इच्छा से घर छोड़कर जाने की बात लिखे जाने का दावा किया गया है। महिला ने युवक को लेकर कुछ अन्य गंभीर दावे भी किए हैं।पुलिस अब पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। महिला के कथित विवाह और मारपीट संबंधी आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। युवक के सामने आने और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।