मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दोबारा मुख्यमंत्री बनने और भविष्य में देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचने की कामना को लेकर संदीप भगत द्वारा की जा रही कड़ी खड़ी तपस्या बुधवार को 13वें दिन भी जारी रही। तपस्या के दौरान वह लगातार खड़े रहकर साधना कर रहे हैं। तपस्या स्थल पर पहुंचने वाले लोगों ने उनकी आस्था और संकल्प की सराहना की।इसी क्रम में पूर्व विधायक अवतार सिंह भड़ाना के प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह मुखिया भी संदीप भगत की कुटिया पर पहुंचे। उन्होंने तपस्या स्थल पर पहुंचकर संदीप भगत से मुलाकात की और उनकी साधना के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसी उद्देश्य के प्रति लंबे समय तक पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ डटे रहना अपने आप में दृढ़ संकल्प का परिचायक है। उन्होंने संदीप भगत की तपस्या को उनकी व्यक्तिगत आस्था और विश्वास से जुड़ा विषय बताते हुए उनके स्वस्थ रहने की कामना की।सुरेंद्र सिंह मुखिया ने कहा कि संदीप भगत जिस तरह कठिन परिस्थितियों में भी अपने संकल्प पर कायम हैं, वह उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आस्था के साथ किया गया कोई भी कार्य तभी सार्थक होता है, जब उसके पीछे सेवा, सद्भाव और समाज के प्रति सकारात्मक सोच भी जुड़ी हो। उन्होंने संदीप भगत से तपस्या के दौरान स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की।संदीप भगत की कुटिया पर पहुंचने वाले लोगों ने कहा कि खड़ी तपस्या आसान साधना नहीं है। लंबे समय तक इस प्रकार तपस्या के लिए शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक दृढ़ता और निरंतर अनुशासन की आवश्यकता होती है। तपस्या कर रहे संदीप भगत का कहना है कि वह अपनी आस्था के अनुरूप यह साधना कर रहे हैं और उनका संकल्प योगी आदित्यनाथ के दोबारा मुख्यमंत्री बनने तथा आगे चलकर प्रधानमंत्री बनने की कामना से जुड़ा है।स्थानीय लोगों के अनुसार संदीप भगत पूर्व में भी विभिन्न अवसरों पर तपस्या कर चुके हैं। इस बार चल रही खड़ी तपस्या को देखने और उनका उत्साह बढ़ाने के लिए क्षेत्र के लोग भी पहुंच रहे हैं। बुधवार को भी तपस्या स्थल पर लोगों की मौजूदगी रही और उन्होंने संदीप भगत से बातचीत कर उनकी साधना के बारे में जानकारी ली।इस अवसर पर रविंद्र, जितेंद्र प्रधान, रोहित दरियाबाद, सेठपाल प्रधान, डॉ. प्रताप, डॉ. तेजवीर, संदीप सिकंदरपुर, विपिन, अभिषेक, रिसेंद्र प्रधान, संतोष चोरावाला समेत कई लोग मौजूद रहे। लोगों ने संदीप भगत के संकल्प की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ रहने की कामना की।