मुजफ्फरनगर। मीरापुर मोहल्ला मुश्तर्क में पुरानी रंजिश को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक युवक पर रास्ते में लाठी-डंडों से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।मोहल्ला मुश्तर्क निवासी खालिद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छह अक्टूबर को उसके भाई वली का फरमान और इमरान के साथ विवाद हुआ था। इस मामले में पुलिस ने वली और फरमान के खिलाफ कार्रवाई की थी। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर बाद में दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया।खालिद के अनुसार, वह अपने साथी गुलफाम उर्फ छोटा के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहा था। शाम करीब पांच बजे टोल से पहले एक बाग के पास इमरान उर्फ सोनू और नजर ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने गुलफाम के साथ मारपीट शुरू कर दी। लाठी-डंडों से किए गए हमले में गुलफाम के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों के साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। मारपीट के दौरान आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद घायल गुलफाम को उपचार के लिए जानसठ ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल भेज दिया।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक आमोदेर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस घटना के कारणों, आरोपों और हमलावरों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group