मुजफ्फरनगर। अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान कोतवाली नगर पुलिस ने गैंगस्टर अधिनियम के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को रोहाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन कॉलोनी के पास से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार भी मिले हैं।पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित दो आरोपी रोहाना क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने मोहम्मद राशिद निवासी कश्मीरी कॉलोनी, निरंजनपुर, पटेल नगर, देहरादून और फिरोज अहमद निवासी मोहम्मद नगर कॉलोनी, पटेल नगर, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया।तलाशी के दौरान मोहम्मद राशिद के पास से 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस मिले। वहीं फिरोज अहमद के कब्जे से चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दोनों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी कोतवाली नगर में दर्ज गैंगस्टर अधिनियम के मुकदमे में वांछित थे। उनके खिलाफ चोरी और हथियार रखने समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं। मोहम्मद राशिद के खिलाफ चोरी, मादक पदार्थ और हथियार संबंधी मामलों के साथ गैंगस्टर अधिनियम का मुकदमा भी दर्ज है। वहीं फिरोज अहमद के खिलाफ भी चोरी, हथियार और गैंगस्टर अधिनियम से संबंधित मामले बताए गए हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हिमांशु शर्मा, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, मुख्य आरक्षी राजू सिंह तथा आरक्षी अश्वनी कुमार, अशोक राणा और गौरव कुमार शामिल रहे।