ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र के नगला श्रीपदम गांव में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। खिड़की से अंदर झांककर देखा तो परिवार के सभी सदस्य बिस्तर पर पड़े दिखाई दिए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर जाकर जांच की तो पांचों की मौत की जानकारी सामने आई। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), साक्षात (3) और बेटी मिष्टी (7) के रूप में हुई है। बताया गया कि परिवार ने शुक्रवार रात खाना खाया था और इसके बाद सभी सोने चले गए। शनिवार सुबह काफी देर तक किसी के बाहर नहीं आने पर पड़ोसियों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद खिड़की से देखने पर परिवार के सदस्य बिस्तर पर पड़े नजर आए। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर की जांच की। इस दौरान रसोई में नूडल्स लगा एक बर्तन मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद भोजन में गड़बड़ी की आशंका को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि परिवार की मौत का संबंध रात में खाए गए भोजन से है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की है।एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस खाद्य विषाक्तता की आशंका के साथ अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। परिवार के सदस्यों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पड़ोसियों के लिए भी यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। जिस घर में रात तक सब कुछ सामान्य था, वहां सुबह पांच लोगों की मौत की खबर ने पूरे इलाके को झकझोर दिया।