मुजफ्फरनगर। न्यू मंडी स्थित द दून वैली पब्लिक स्कूल में दशहरा पर्व के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान भगवान श्रीराम के आदर्शों और रावण वध के प्रसंग के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराना रहा।विद्यालय की उप प्राचार्या साक्षी कुर्दा ने विद्यार्थियों को दशहरे के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें सत्य, धर्म और मर्यादा के रास्ते पर चलने की सीख देता है। भगवान श्रीराम का जीवन आदर्शों, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों को उनके जीवन से सीख लेकर अपने व्यवहार में अच्छे संस्कार अपनाने चाहिए।उन्होंने कहा कि मनुष्य को अहंकार, क्रोध और ईर्ष्या जैसी बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। दशहरा केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि अपने अंदर की कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने का संकल्प लेने का पर्व भी है।कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध का मंचन किया गया। प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि अंततः सत्य और अच्छाई की ही विजय होती है। कार्यक्रम ने बच्चों को भारतीय संस्कृति और नैतिक आदर्शों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group