बिजनौर। शादी समारोह में खुशियों के बीच शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत का कारण बन गया। मंगलवार शाम बरात में जयमाला की रस्म के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचे दूल्हे के चचेरे भाई अश्वनी (32) पर नुकीले सूजे से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल अश्वनी को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि घायल को अस्पताल ले जाते समय हमलावरों ने गाड़ी को घेरकर पथराव भी किया। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, मखवाड़ा गांव निवासी अश्वनी एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। उसके ताऊ गजराज के बेटे आकाश की शादी थी। मंगलवार शाम बरात बिजनौर के बकली गांव स्थित हीरा बैंक्वेट हॉल पहुंची थी। स्वागत और अन्य रस्मों के बाद जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूल्हे के परिवार का एक युवक वॉशरूम की ओर गया था। वहां ई-रिक्शा चालक रवि और कुछ अन्य युवक मौजूद थे। आरोप है कि शराब पीने को लेकर कहासुनी हुई और युवक के साथ मारपीट की गई। इसकी जानकारी मिलने पर अश्वनी उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचा। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।कहासुनी ने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि हमलावरों ने बर्फ तोड़ने वाले नुकीले सूजे से अश्वनी की नाक पर वार कर दिया। चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद परिजनों ने उसे गाड़ी से अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।आरोप है कि रास्ते में करीब 15 से 20 युवकों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। हमलावरों के पास लोहे की रॉड होने की बात भी सामने आई है। इस घटना से बरात में शामिल लोगों में दहशत फैल गई। किसी तरह परिजन घायल अश्वनी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।अश्वनी के पिता अशोक कुमार भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में दरोगा हैं और पश्चिम बंगाल में तैनात बताए गए हैं। अश्वनी की पत्नी और दो बच्चे हैं। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शादी वाले घर में जहां कुछ देर पहले खुशियां थीं, वहां मातम छा गया।एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह के मुताबिक, युवक पर सूजे से हमला किए जाने के कारण उसकी मौत हुई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। पुलिस विवाद की वजह, हमले में शामिल लोगों और गाड़ी पर पथराव करने वालों की भूमिका की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group