बागपत। बिनौली विकासखंड के बिजवाड़ा गांव में सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर रुपये मांगने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने ग्राम पंचायत सहायक अंकित पुत्र ईश्वर पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से जांच और कार्रवाई की मांग की है।शिकायतकर्ता का आरोप है कि पंचायत सहायक पिछले करीब पांच साल से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर पात्र लोगों से पैसे मांग रहा है। रुपये नहीं देने वालों को योजनाओं की जानकारी नहीं देने का भी आरोप लगाया गया है। इसके चलते कुछ पात्र लोग योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह गए।शिकायत में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का मामला भी उठाया गया है। आरोप है कि योजना का लाभ दिलाने के नाम पर पात्र लोगों से कम से कम आठ हजार रुपये मांगे गए। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि उसके पास कथित रूप से रिश्वत मांगने से जुड़ी फोन कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी है। उसने रिकॉर्डिंग की जांच कराने और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल करने की मांग की है।वहीं, ग्राम प्रधान शिवानी देवी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी और उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा।शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।