बागपत। बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे स्थित सीओ कार्यालय में बुधवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग एसी की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण लगी। इसकी चपेट में आने से कार्यालय में रखे कुछ जरूरी दस्तावेज जल गए।जानकारी के अनुसार, सीओ कार्यालय के एक कमरे से धुआं उठने लगा। पुलिसकर्मी सचिन और आदित्य कमरे में पहुंचे तो वहां आग लगी हुई थी। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।आग बुझने के बाद कार्यालय में जले दस्तावेजों की पहचान शुरू की गई। इनमें विवेचना से जुड़ी फाइलें, जनशिकायतों के आवेदन, जांच रिपोर्ट और पुलिस कार्रवाई से संबंधित कागजात शामिल बताए गए हैं। अधिकारियों की ओर से यह पता लगाया जा रहा है कि आग में कौन-कौन से दस्तावेज जले हैं और कितना नुकसान हुआ है।सीओ बड़ौत अंशु जैन ने बताया कि एसी की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी थी। घटना में कुछ जरूरी दस्तावेज जल गए हैं। फिलहाल जले हुए कागजात की जानकारी जुटाई जा रही है।