मुजफ्फरनगर। एटीएम से नकदी निकालने के दौरान सावधानी में हुई जरा सी चूक एक महिला को भारी पड़ गई। ठग ने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से 66 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़िता को इस धोखाधड़ी का पता तीन दिन बाद बैंक में पासबुक अपडेट कराने पर चला। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शहर के जैन डिग्री कॉलेज में सेविका के पद पर कार्यरत प्रवेश कुमारी शर्मा 18 अक्टूबर को कॉलेज के निकट स्थित एसबीआई के एटीएम पर रुपये निकालने पहुंची थीं। वह अपने केनरा बैंक खाते से जुड़े कार्ड के जरिए दो हजार रुपये निकाल रही थीं। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी और वह दूसरा कार्ड लेकर घर लौट गईं।उधर, आरोपी ने बदले गए कार्ड का इस्तेमाल कर उनके खाते से रकम निकालनी शुरू कर दी। अलग-अलग स्थानों पर किए गए लेनदेन में कोर्ट रोड स्थित एटीएम से 38 हजार रुपये, शिवधाम फिलिंग सेंटर से 20 हजार रुपये और मेरठ के लावड़ क्षेत्र स्थित एटीएम से आठ हजार रुपये निकाले गए। इस तरह खाते से कुल 66 हजार रुपये निकाल लिए गए।21 अक्टूबर को महिला बैंक पहुंचीं और पासबुक में लेनदेन का विवरण दर्ज कराया तो खाते से रकम गायब होने का पता चला। उन्होंने बैंक से जानकारी जुटाने के बाद सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न स्थानों पर हुई नकदी निकासी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ठग तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।