बागपत। रमाला क्षेत्र के असारा गांव में विकास कार्यों को लेकर ग्राम प्रधान विवादों में घिर गए हैं। गांव निवासी इबाद ने प्रधान नदीम अहमद पर सरकारी धन के इस्तेमाल में गड़बड़ी करने और निर्माण सामग्री का निजी उपयोग करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।इबाद का आरोप है कि गांव की मुख्य सड़क और रास्तों के किनारे लगाई गई इंटरलॉकिंग ईंटों को अच्छी हालत में होने के बावजूद उखड़वा दिया गया। बाद में इन ईंटों को ग्राम प्रधान के निजी प्लॉट में लगाए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता के अनुसार, नौ नवंबर को उसने मौके पर पहुंचकर इस काम का विरोध किया था। आरोप है कि विरोध करने पर प्रधान ने फोन पर उसे धमकाया और शिकायत करने पर गोली मारने की चेतावनी दी। शिकायतकर्ता ने धमकी से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया है।शिकायती पत्र में गांव के तालाब के सौंदर्यीकरण और पौधारोपण के नाम पर धनराशि निकालने के बावजूद धरातल पर काम नहीं कराने का आरोप भी लगाया गया है। इसके अलावा अन्य विकास कार्यों में भी अनियमितता की आशंका जताई गई है।वहीं, ग्राम प्रधान नदीम अहमद ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि ऐसा कोई मामला नहीं है। यदि कोई गड़बड़ी सामने आती है तो उसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पंचायत के विकास कार्यों और खर्च की गई सरकारी धनराशि की जांच कराने की मांग की है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group