लखनऊ। मलिहाबाद क्षेत्र के खंडसरा गांव में एक ही परिवार के तीन बच्चों की तीन दिन के भीतर मौत होने से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। तीन, सात और दस वर्ष की उम्र के तीनों बच्चों की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतकों की पहचान देवांश (3), कार्तिक (7) और लक्ष्मी (10) के रूप में हुई है।बताया गया कि पहले दो बच्चों की खेलते समय गिरने के बाद मौत हो गई थी। इसके बाद तीसरे बच्चे की भी तबीयत बिगड़ गई। उसे बुखार आने के बाद हालत गंभीर हो गई और उसने दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक, तीनों बच्चों की मौत से पहले उनके मुंह से खून भी निकला था। इस बात ने मामले को और गंभीर बना दिया है।पहले दो बच्चों का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था। तीसरे बच्चे की मौत के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।घटना की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। सीएमओ के निर्देश पर अधिकारियों ने प्रभावित परिवार से जानकारी ली और गांव की स्थिति का जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बीमारी की आशंका को देखते हुए जांच की जा रही है। शुरुआती स्तर पर संक्रमण और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पोस्टमार्टम और स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।