बागपत। मुकदमे की जांच के दौरान रिश्वत मांगने और रकम नहीं देने पर परिवार को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एक महिला ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। महिला ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।महिला के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के सराय मोड़ पर दो पक्षों के बीच मारपीट को लेकर विवाद हुआ था। शोर सुनकर वह अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंची थी। वहां मौजूद लोगों की मदद से दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया गया था। बाद में एक पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज हुआ, जिसमें महिला के परिवार के चार सदस्यों को नामजद किया गया।महिला का आरोप है कि मुकदमे की जांच के दौरान परिवार के सदस्यों के नाम हटाने के बदले 40 हजार रुपये की मांग की गई। उसने दावा किया कि इसमें से 10 हजार रुपये थाने में दिए जा चुके हैं। इसके बाद भी शेष रकम मांगी जाती रही। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण असमर्थता जताने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।पीड़िता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा दिलाने की मांग की है। वहीं, सिंघावली अहीर थाना प्रभारी सूर्यदीप ने कहा कि ऐसा कोई मामला नहीं है। शिकायत सामने आने पर जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।