मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की चाह में कुछ युवाओं का हथियारों के साथ वीडियो बनाने का शौक लगातार सामने आ रहा है। ताजा मामला भोपा थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां एक युवक का ट्रैक्टर पर बैठकर तमंचा लहराने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।वायरल वीडियो में युवक ट्रैक्टर पर बैठा दिखाई दे रहा है। इसी दौरान वह अपने हाथ में मौजूद तमंचे जैसी वस्तु को लहराते हुए कैमरे के सामने रौब दिखाता नजर आता है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है। युवक ने वीडियो के जरिए हथियारों का प्रदर्शन करने का प्रयास किया है।हालांकि वीडियो में युवक की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह भी अभी पुष्टि नहीं हुई है कि उसके हाथ में दिखाई दे रहा हथियार असली है या नकली। वीडियो किस समय बनाया गया और इसमें शामिल युवक कौन है, इन सवालों के जवाब भी सामने आना बाकी हैं।गौरतलब है कि जिले में पहले भी तमंचे और पिस्टल के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे वीडियो युवाओं के बीच हथियारों के प्रदर्शन को बढ़ावा देने के साथ कानून व्यवस्था के लिहाज से भी चिंता पैदा करते हैं।ताजा वीडियो प्रसारित होने के बाद युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठ रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस को वीडियो की जांच कर हथियार की वास्तविकता और युवक के पास उसके वैध दस्तावेज होने की पड़ताल करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group