मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-58 पर गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक किसान की जान चली गई। किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना भरकर शुगर मिल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसकी ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही किसान ट्रैक्टर से नीचे गिरकर गन्ने से लदी ट्रॉली के नीचे दब गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।जानकारी के अनुसार, किसान रणवीर गुरुवार सुबह करीब सात बजे खेत से गन्ना लेकर शुगर मिल जा रहे थे। वह नेशनल हाईवे-58 पर मंसूरपुर क्षेत्र में पहुंचे ही थे कि एक अज्ञात वाहन ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और रणवीर नीचे गिरकर गन्ने से भरी ट्रॉली के नीचे दब गए।हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण और किसान मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद किसान को बाहर निकलवाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई और कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटवाकर आवागमन सुचारु कराया। उधर, किसान की मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group