मेरठ। जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कंकरखेड़ा थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में सट्टा सामग्री बरामद की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार देर रात ड्रीम सिटी कॉलोनी में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। उस समय लखनऊ सुपर जायंट और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले जा रहे मुकाबले पर ऑनलाइन दांव लगवाए जा रहे थे। टीम ने मौके को चारों ओर से घेरते हुए तीनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दीपक जैन, रजनीश जैन और विभोर जैन के रूप में हुई है, जो मेरठ और सरधना क्षेत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित कर रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 11 मोबाइल फोन, दो एलईडी टीवी, नकदी, डेबिट कार्ड, सट्टा पर्चियां और कैलकुलेटर समेत कई अहम उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामग्री से सट्टा संचालन के बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के बैंक लेनदेन, कॉल रिकॉर्ड और उनसे जुड़े अन्य लोगों की गहन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय सट्टा कारोबारियों में खलबली मच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group