मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे में स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में बेहद शातिर अंदाज में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। बैंक के भीतर ही दो चोरों ने एक ग्रामीण ग्राहक का थैला काटकर 50 हजार रुपये की नकदी पार कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें दोनों चोर बड़ी सफाई और चालाकी से वारदात करती दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, गांव भसाना निवासी दलमीर बैंक से 60 हजार रुपये निकालकर अपने थैले में रखकर पासबुक एंट्री कराने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए खड़े दो चोरों ने भीड़ का फायदा उठाया और ब्लेड जैसी तेज वस्तु से थैला काट डाला। पलक झपकते ही उन्होंने नोटों की गड्डी निकाल ली और बिना किसी को भनक लगे बैंक से बाहर निकल गईं।
जब पीड़ित की नजर अपने कटे थैले पर पड़ी तो वह हक्के-बक्के रह गए। शोर मचने पर बैंक में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक प्रबंधन के साथ मिलकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो शातिर चोर साफ नजर आए।
पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपित चोरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ये चोर पेशेवर और शातिर गिरोह का हिस्सा लग रहे हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
