मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र की साकेत कॉलोनी में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 11वीं कक्षा के छात्र कृष्णा भारद्वाज (17 वर्ष) ने कथित रूप से मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिवार गहरे सदमे में है।
बताया जा रहा है कि कृष्णा भारद्वाज हाल ही में आए परीक्षा परिणाम को लेकर काफी परेशान था। वह स्वयं को असफल मानते हुए मानसिक दबाव में चल रहा था। इसी तनाव के बीच उसने अपने घर में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। जब परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो वे उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें कृष्णा ने भावुक शब्दों में सभी से माफी मांगी है। उसने लिखा कि यदि उससे कोई गलती हुई हो तो उसे माफ कर दिया जाए। साथ ही उसने अपने मोबाइल फोन का पासवर्ड भी नोट में लिखकर साझा किया, जो उसकी मानसिक स्थिति को दर्शाता है।
सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। हालांकि, शोकाकुल परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।
घटना के बाद छात्र के साथियों में भी नाराजगी देखी गई। उनका आरोप है कि कक्षा में केवल कृष्णा को ही अनुत्तीर्ण किया गया था, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया था। हालांकि, इस संबंध में विद्यालय प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group