मुजफ्फरनगर। जनपद में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मॉडिफाइड साइलेंसर के अवैध कारोबार में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 70 मॉडिफाइड साइलेंसर बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान के अंतर्गत की गई। पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी कर इस गिरोह का भंडाफोड़ किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में आरिफ अहमद, साजिद मलिक, आसिफ और आस मोहम्मद शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये आरोपी अलग-अलग स्थानों से मॉडिफाइड साइलेंसर की खरीद-फरोख्त कर रहे थे और युवाओं के बीच इनकी मांग को देखते हुए अवैध रूप से कारोबार को बढ़ावा दे रहे थे।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन हैं, बल्कि इनके प्रयोग से अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण फैलता है, जिससे आमजन, विशेषकर बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा तेज आवाज से सार्वजनिक शांति भी प्रभावित होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group