मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को जागरूकता, संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा , उनकी धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय, नगरपालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप तथा पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान श्रीराम कॉलेज एवं पुलिस मॉर्डन स्कूल की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इसके साथ ही खेल, शिक्षा, चिकित्सा, योग समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं और महिला सुरक्षा में योगदान देने वाली महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और पुलिस विभाग उनकी सुरक्षा व सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी। वहीं डॉ. नीलम राय ने दुर्गासप्तशती के माध्यम से नारी शक्ति के महत्व को विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम में महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भर बनने के तरीकों के बारे में भी जागरूक किया गया। वक्ताओं ने बताया कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाना और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी खतौली रामआशीष यादव, क्षेत्राधिकारी जानसठ रूपाली राव, क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह, महिला थाना प्रभारी संगीता डागर, थाना प्रभारी मंसूरपुर आनन्द देव मिश्रा, महिला हेल्प डेस्क प्रभारी ज्योति तोमर सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं।
कार्यक्रम का समापन महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।
सम्मानित महिलाओं में प्रमुख नाम:
श्रीमती वृन्दा शर्मा, श्रीमती मीना सिंघल, श्रीमती राखी सूर्यदेव, श्रीमती सविता वर्मा, श्रीमती विनिता गोयल सहित महिला पुलिसकर्मी कुसुम, ज्योति, गुंजा, कोमल, रविता, आशा और सोनिका को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group