लखनऊ। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की कालाबाजारी पर कड़ा रुख अपनाते हुए पूरे प्रदेश में विशेष अभियान शुरू कर दिया है। सरकार ने साफ किया है कि आम जनता को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
प्रशासन, खाद्य एवं रसद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियों और गोदामों पर जांच कर रही हैं। इस दौरान स्टॉक, बिक्री और वितरण व्यवस्था को बारीकी से परखा जा रहा है, ताकि कहीं भी जमाखोरी या कृत्रिम कमी पैदा न हो सके।
सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी में शामिल लोगों की पहचान कर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
जिला स्तर पर निगरानी को और मजबूत किया गया है। कंट्रोल रूम सक्रिय किए गए हैं और अधिकारियों को 24 घंटे नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। कई जगहों पर कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की गई है और कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।
सरकार का कहना है कि ईंधन की सप्लाई सुचारू बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। इसी के तहत जहां एक ओर व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर अवैध तरीके से मुनाफा कमाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
