मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छपार थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 20 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छपार थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित परेई चौराहे के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर खड़ा है और सप्लाई की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद बैग से 20 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अरविंद उर्फ भूरा, निवासी मोहल्ला ब्रह्मपुरी, मुजफ्फरनगर बताया। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और जिले में किन-किन स्थानों पर इसकी सप्लाई की जानी थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group