मुजफ्फरनगर। कस्बा भोकरहेड़ी के मुख्य बाजार में स्थित एक प्राचीन सार्वजनिक कुएं की भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। बाजार के बीचों-बीच ‘सेठों वाला मंदिर’ के सामने स्थित इस पुराने कुएं की जमीन को लेकर उठे विवाद ने स्थानीय स्तर पर हलचल पैदा कर दी है।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में जयपाल सिंह फौजी द्वारा प्रशासन को लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सार्वजनिक उपयोग की इस भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा कब्जा किया जा रहा है, जिससे न केवल ऐतिहासिक महत्व की धरोहर प्रभावित हो रही है बल्कि आम लोगों के अधिकारों का भी हनन हो रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जानसठ उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ने तत्काल संज्ञान लेते हुए राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर भूमि की पैमाइश कराने के निर्देश दिए। राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची, जिसमें लेखपाल मनोज कुमार, प्रवीण कुमार और नगर पंचायत के कर्मचारी भी शामिल रहे।
टीम ने मौके पर पहुंचकर विवादित भूमि का सीमांकन किया और सरकारी अभिलेखों से मिलान करते हुए स्थिति का आकलन किया। पैमाइश के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और पूरे घटनाक्रम को लेकर लोगों में चर्चा का माहौल बना रहा।
राजस्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। यदि जांच में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
उधर, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्राचीन कुएं की इस जमीन को सुरक्षित रखते हुए इसे सार्वजनिक उपयोग के लिए संरक्षित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group