मुजफ्फरनगर। पुरकाजी क्षेत्र के हरैटी गांव में ग्राम प्रधान के बेटे रोहन राठी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, भैंसानी पुल के पास चेकिंग के दौरान आरोपितों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी। घायल आरोपितों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।हरैटी गांव निवासी ग्राम प्रधान विवेक राठी का 19 वर्षीय बेटा रोहन राठी दोस्त की जन्मदिन पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन गांव के जंगल में खेत के किनारे रोहन का शव मिलने से परिजनों में शोक छा गया। शरीर पर चोट के निशान पाए जाने के बाद पुलिस ने हत्या की जांच शुरू की।घटना के पर्दाफाश के लिए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन की जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया गया। एसओजी की टीम को भी जांच में लगाया गया था।पुलिस के मुताबिक, भैंसानी पुल के नीचे वाहनों की जांच के दौरान एक कार और मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। दोनों वाहनों में सवार लोगों ने भागने की कोशिश की। मोटरसाइकिल गिर गई, जबकि कार ईंटों के ढेर में फंस गई। इसके बाद आरोपित पैदल भागने लगे। पुलिस का कहना है कि फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नाजिम पुत्र मुजफ्फर हुसैन और शावेज पुत्र इफजुर रहमान के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से रोहन की आर-15 मोटरसाइकिल, स्मार्टवॉच और एप्पल मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा एक टोयोटा कोरोला एल्टिस कार, दो तमंचे, पांच जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 1,070 रुपये भी बरामद किए गए हैं।पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। हत्या की वजह और घटना में दोनों की भूमिका को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group