मुजफ्फरनगर। जनपद में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच नई मंडी थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध हथियार, कारतूस और एक बाइक बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार घायल बदमाशों की पहचान गुड्डू और अमर के रूप में हुई है। दोनों को घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं फरार हुए आरोपियों की पहचान अभिषेक और सागर के रूप में हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।बताया जा रहा है कि एक दिन पूर्व नई मंडी क्षेत्र स्थित छाता फैक्ट्री में काम करने वाले एक मजदूर से मोबाइल फोन लूट लिया गया था। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और मुखबिर तंत्र की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल होकर गिर पड़े, जबकि उनके दो साथी मौके से भागने में सफल रहे। मुठभेड़ के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने मौके से दो तमंचे, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक कब्जे में ले ली।सीओ खतौली रुपाली राव ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। फरार बदमाशों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।