मुजफ्फरनगर। आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर से एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुजफ्फरनगर श्री बिरेन्द्र कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया।इस अवसर पर जानकारी देते हुए बताया गया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार 9 मई, द्वितीय शनिवार को जनपद मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत का आयोजन दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर, बाह्य न्यायालय बुढाना, ग्राम न्यायालय जानसठ, ग्राम न्यायालय खतौली तथा कलेक्ट्रेट परिसर में किया जाएगा।अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में आपराधिक मामलों, धारा 138 एनआई एक्ट, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं, टेलीफोन, बिजली एवं पानी के बिल संबंधी विवाद, वैवाहिक वाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व एवं सिविल मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को त्वरित, सरल एवं कम खर्च में न्याय प्राप्त होगा।रैली के दौरान लोगों से अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत में पहुंचकर अपने लंबित मामलों का निस्तारण कराने की अपील की गई। कार्यक्रम में अपर जिला जज कोर्ट संख्या-01 श्री विष्णु चन्द्र वैश्य, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत एवं अपर जिला जज फास्ट ट्रैक कोर्ट संख्या-03 श्री रवि कुमार दिवाकर, सिविल जज (सीडी) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी सहित जनपद न्यायालय के समस्त न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।