लखनऊ, 13 फरवरी 26 ।राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों और एक ई-रिक्शा में जा घुसी। हादसे में छह लोग घायल हो गए, जबकि एक छह वर्षीय बालक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दीक्षांत (6 वर्ष) पुत्र अरविंद कुमार, निवासी सरोजनीनगर क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया गया है कि दीक्षांत अपने परिजनों के साथ बाजार आया था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घायलों में रीना देवी (35 वर्ष) पत्नी राजेश, शबाना (32 वर्ष) पत्नी इरफान, एक 14 वर्षीय किशोर, ई-रिक्शा चालक रामनरेश (40 वर्ष) तथा दो अन्य राहगीर शामिल हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार पहले एक बाइक से टकराई, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह वाहन छोड़कर फरार हो गया।
बंथरा थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन एक नाबालिग किशोर द्वारा चलाया जाना सामने आया है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मालिक की पहचान कर ली है। वाहन स्वामी को नोटिस जारी कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group