मुजफ्फरनगर, 21 जनवरी 2026।
जनपद स्तर पर किसान दिवस का आयोजन जिला पंचायत सभा कक्ष में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने की। किसान दिवस शासन के निर्देशों के अंतर्गत प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को आयोजित किया जाता है, ताकि किसानों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान किया जा सके।
बैठक में किसानों को पिछले किसान दिवस में दर्ज शिकायतों की प्रगति से अवगत कराया गया। इसके साथ ही कृषि विभाग एवं कृषि से संबंधित अन्य विभागों की योजनाओं, अनुदान एवं सुविधाओं की जानकारी किसानों को दी गई, जिससे वे योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों से जुड़ी विद्युत आपूर्ति, बिलिंग और कनेक्शन संबंधी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान कराया जाए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को ग्रामीण एवं संपर्क सड़कों के गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि निस्तारण से संबंधित रिपोर्ट जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए, साथ ही उसकी हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में जमा कराई जाए।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को आगामी किसान समाधान दिवस में समय से उपस्थित रहकर किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के अंत में किसानों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस का समापन किया गया।
इस अवसर पर प्रमोद सिरोही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

