मुजफ्फरनगर जनपद के रामराज थाना क्षेत्र में एक 45 वर्षीय मजदूर की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को गंग नहर में फेंक दिया, जिससे घटना की भयावहता और बढ़ गई।
जानकारी के अनुसार, मीरापुर क्षेत्र के गांव पुट्टी इब्राहिमपुर निवासी सुरेश (45) पुत्र बाबूराम रोजाना की तरह 16 अप्रैल की शाम घर से बाहर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर उसकी पत्नी ने रामराज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि सुरेश को तीन युवक एक कार में बैठाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान करते हुए दबिश दी।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी मेरठ जनपद के बहसूमा थाना क्षेत्र के सैफपुर निवासी विकल, कार्तिक भाटी और आदेश गोस्वामी हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथी फरार बताए जा रहे हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन तीनों युवक शराब के नशे में थे। रास्ते में सुरेश को कार में बैठाया गया और किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गंग नहर में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नहर से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस मामले में पुलिस ने हत्या, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group