लखीमपुर-खीरी जिले के भीरा थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। रात करीब दो बजे एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे से गुजर रही बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक हवा में उछलकर कई मीटर दूर जाकर गिर गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर नहर के पास जाकर रुक गई, जबकि बाइक पर सवार तीनों युवक सड़क पर तड़पते हुए वहीं गिर पड़े।
रात का सन्नाटा इतना गहरा था कि कई मिनट तक कोई राहगीर वहां नहीं पहुंच सका। काफी देर बाद गुजरने वाले लोगों ने दुर्घटना देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। लेकिन तब तक तीनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवारों में कोहराम मचा है।
