मुजफ्फरनगर। रामलीला टीला क्षेत्र की नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर हिंदू संगठनों में आक्रोश है। बुधवार को शिवसेना और संयुक्त हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करने तथा आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की। पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जल्द न्याय दिलाने पर जोर दिया।संयुक्त हिंदू मोर्चा के अध्यक्ष मनोज सैनी ने मामले में डॉ. सम्राट और डॉ. अबरार से जुड़े आरोपों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने डॉ. अबरार से जुड़े एक पुराने मामले का भी उल्लेख किया और प्रशासन से दोनों चिकित्सकों से संबंधित संपत्तियों तथा कॉल डिटेल की जांच कराने की मांग रखी। उन्होंने कथित रूप से जुड़े लोगों की भूमिका सामने लाने की मांग भी की।शिवसेना जिलाध्यक्ष लोकेश सैनी ने जनप्रतिनिधियों से पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने की अपील की। उन्होंने कहा कि नाबालिग के साथ हुई घटना गंभीर है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।पदाधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी तरह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होनी चाहिए। दोष साबित होने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, जबकि जांच के दौरान किसी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।इस दौरान शिवसेना प्रदेश महासचिव डॉ. योगेंद्र शर्मा, संयुक्त हिंदू महासंघ अध्यक्ष अखिलेश पुरी, नगर अध्यक्ष नेहा गोयल, जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सैनी, गोपी वर्मा, युवा नगर महासचिव विजय तोमर, विकास कश्यप, आकाश कश्यप, संदीप, सक्षम, विशाल, आर्यन, नितिन और प्रिंस समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।संगठनों ने पुलिस-प्रशासन से मामले की शीघ्र जांच पूरी कर दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।