मुजफ्फरनगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने माल रोड पर चेकिंग के दौरान नशीली दवाओं की बड़ी खेप के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 72 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल और 549 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 6.65 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की बलेनो कार भी पुलिस ने कब्जे में ली है।पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में नशीले कैप्सूल और इंजेक्शन लेकर सप्लाई के लिए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर माल रोड पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध बलेनो कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से नशीली दवाओं की बड़ी मात्रा मिलने पर उसमें सवार तीनों लोगों को हिरासत में ले लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक पुत्र रोहताश, निवासी तीर्थ कॉलोनी, रेलवे स्टेशन के पास खतौली, मूल निवासी ग्राम कुतुबपुर थाना छपार; कलीम पुत्र अशफाक, निवासी ग्राम बधौली थाना खरखौदा, मेरठ तथा जुनैद पुत्र इकबाल, निवासी लोहिया नगर, मेरठ के रूप में हुई है।तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 72 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल मिले। इनमें 48 हजार भूरे और 24 हजार नीले रंग के कैप्सूल बताए गए हैं। इसके अलावा 549 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए, जिनमें एविल कंपनी के 50 और पैंटासिल कंपनी के 499 इंजेक्शन शामिल हैं।पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशीली दवाओं की सप्लाई से जुड़े हैं। पुलिस के मुताबिक उनका संपर्क हापुड़ निवासी एक व्यक्ति से व्हाट्सऐप के माध्यम से था। आरोपियों के अनुसार वे उससे नशीले कैप्सूल और इंजेक्शन खरीदकर लाते थे और बाद में उन्हें अधिक कीमत पर बेचते थे। पुलिस अब हापुड़ निवासी व्यक्ति की भूमिका और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नशीली दवाओं की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।कार्रवाई थाना सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह और स्टेडियम चौकी प्रभारी अरुण चाहर के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में अंकित कुमार, सैनी शर्मा, मोहित कुमार, सुधीर कुमार, ब्रह्मदेव सिंह, याकूब अली, अनमोल सिंह, सनी और पंकज भाटी शामिल रहे।