मुजफ्फरनगर(शोएब)। रक्षाबंधन के त्योहार पर बकाया बिजली बिल के चलते कई उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जाने और बिल जमा होने के बाद भी कनेक्शन नहीं जोड़े जाने से लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी बढ़ गई है। भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति बाधित रहने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर शिकायत करने पहुंचे सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के साथ बिजलीघर पर तैनात लाइनमैन द्वारा अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया गया है।बताया गया कि डॉ. नवराज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बझेड़ी में स्वास्थ्य अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। गुरुवार को बिजली विभाग की ओर से बकाया बिल वाले कई उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए थे। इनमें से कई लोगों ने बाद में अपने बिजली बिल जमा कर दिए, लेकिन आरोप है कि भुगतान होने के बावजूद उनके कनेक्शन नहीं जोड़े गए।उपभोक्ताओं की समस्या को लेकर डॉ. नवराज हिंदू रक्षा दल के सूरज समेत क्षेत्र के कई लोगों के साथ रूड़की चुंगी स्थित बिजलीघर पहुंचे। बताया गया कि उस समय बिजलीघर पर केवल एक लाइनमैन मौजूद था। लोगों ने बिल जमा होने के बाद भी कनेक्शन नहीं जोड़े जाने की शिकायत करते हुए जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग की।आरोप है कि बातचीत के दौरान लाइनमैन ने डॉ. नवराज के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें बिजलीघर से बाहर जाने के लिए कहा। इसके बाद जब मामले को लेकर जेई से बात की गई तो आरोप है कि जेई ने यह कहते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया कि यह उनका काम नहीं है।त्योहार पर बिजली कटौती से बढ़ी नाराजगीरक्षाबंधन जैसे त्योहार पर बिजली कटौती को लेकर स्थानीय लोगों में खासा रोष है। लोगों का कहना है कि त्योहार के मौके पर घरों में रिश्तेदारों और मेहमानों का आना-जाना रहता है। ऐसे समय में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। ऊपर से भीषण गर्मी के कारण बिना बिजली के घरों में रहना मुश्किल हो रहा है।लोगों का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं ने अपना बकाया बिल जमा कर दिया है, उनके कनेक्शन बिना देरी के जोड़े जाने चाहिए। उपभोक्ताओं को बिजलीघर के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जबकि बिल जमा होने के बाद उन्हें तत्काल बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद रहती है।स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर बिल जमा कर चुके उपभोक्ताओं के कनेक्शन तत्काल जोड़ने, बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुचारु कराने और चिकित्सा अधिकारी के साथ कथित अभद्रता की जांच कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group