शामली। अंकित बालियान हत्याकांड में वांछित चल रहे दो आरोपित मोहित और सुमित सोमवार तड़के पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए। मुठभेड़ सदर कोतवाली क्षेत्र में खेड़ी करमू गांव के पास पानीपत-खटीमा हाईवे किनारे हुई। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, तड़के आरोपितों के क्षेत्र में होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने खेड़ी करमू गांव के जंगल में घेराबंदी की। हाईवे के किनारे एक मकान के पास पुलिस टीम का आरोपितों से सामना हो गया। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपितों ने टीम पर फायरिंग कर दी।गोलीबारी में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोहित और सुमित को गोली लगी। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाने के साथ ही हत्याकांड में आरोपितों की भूमिका और उनके संपर्कों की भी जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।